विद्या सिंह सोमनाल, जिला पंचायती राज अधिकारी।
- फोटो : RUDRAPUR
15वें वित्त आयोग के बजट से जिले के सात ब्लॉकों की एक न्याय पंचायत में एक-एक कॉम्पेक्टर प्रस्तावित किए हैं। पॉलीथिन के कूड़े को कॉम्पेक्टर मशीन में डालने के बाद रिसाइक्लिंग के लिए हल्द्वानी व हरिद्वार भेजा जाएगा। इससे प्लास्टिक के पाइप, फर्नीचर, दरवाजे के चौखट, दरवाजे आदि बनाए जाएंगे।
जिले की 376 ग्राम पंचायतों के अधिकांश गांवों में जैविक कूड़े के साथ ही पॉलीथिन के भी ढेर लगने लगे हैं। जिला पंचायती राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के बजट से सातों ब्लॉक में एक-एक कॉम्पेक्टर लगाए जाने हैं। जिला पंचायत को 15वें वित्त से एक करोड़, 35 लाख रुपये का बजट प्राप्त हो चुका है। हालांकि जिले की सभी 27 न्याय पंचायतों में कॉम्पेक्टर स्थापित होने थे लेकिन बजट की कमी के कारण सात न्याय पंचायतों में ही कॉम्पेक्टर लगाने की तैयारी चल रही है।
गांवों में घरों से कूड़ा एकत्रित करने की व्यवस्था ग्राम पंचायतें अपने यूजर चार्ज व अन्य आय के स्रोतों से करेंगी। साथ ही जैविक कूड़े से खाद तैयार करने के लिए कॉम्पेक्टर के पास पिट भी बनाए जाएंगे। यह कार्य मनरेगा के माध्यम से किया जाएगा।
जिले में प्रस्तावित कॉम्पेक्टर
ब्लॉक - स्थान
रुद्रपुर - खमिया नंबर एक।
खटीमा- पहेनिया।
सितारगंज- सरकड़ा।
गदरपुर- कुलहा।
बाजपुर- रामनगर।
काशीपुर- शिवलालपुर अमरझंडा।
जसपुर- रायपुर पट्टी।