धार्मिक नगरी के बंगाली कॉलोनी में नवस्थापित श्री श्री दुर्गा मंदिर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां दुर्गा की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां की नवरात्र पर नारी पूजा नई शक्ति देती है।
सीएम ने कहा कि देवभूमि को मानसखंड संरचना के तहत धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। उसी क्रम में दुर्गा मंदिर का भी सौन्दर्यकरण कराया जाएगा। मंदिर परिसर को भव्य रूप से बनाने के लिए डीपीआर तैयार कराई जाएगी। इससे पूर्व सीएम धामी ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब व गुरुद्वारा दूधवाला कुआं के दर्शन किए।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की ओर से सीएम धामी को सरोपा व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। धामी ने डेरा कारसेवा में लंगर छका। यहां डेरा कारसेवा के बाबा तरसेम सिंह से आशीर्वाद लेकर उनके साथ स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।
सोमवार को मुख्यमंत्री धामी का नानकमत्ता के बंगाली कॉलोनी में स्थापित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बंगाली समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड से विशेष लगाव है बीते दिनों मोदी ने आदि कैलाश, मां पार्वती कुंड व जागेश्वर धाम के दर्शन किये। देवभूमि धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित हो रही है चार धाम के साथ ही उत्तराखंड के सभी धार्मिक स्थलों को मानसखंड संरचना के तहत विकसित किया जा रहा है।
नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं मिनी साइकिलों का सुपरवाइजर के पद पर पदोन्नति की गई सरकार प्रदेश के हर टपके को साथ लेकर उनका विकास करने में लगी है।
उन्होंने सभी लोगों को नवरात्र पर्व की बधाई दी और मां दुर्गा से प्रदेश की सुख शांति के लिए कामना की। वहां भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, नानकमत्ता के पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल, श्री श्री दुर्गा महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष सुरंजन राय, किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, वरुण अग्रवाल, बाल संरक्षण आयोग की सदस्य सुमन राय विमल मंडेला केडी गतौली आदि मौजूद थे संचालन खिलानंद अटवाल ने किया।