काशीपुर। नगरनिगम की स्वच्छ सर्वेक्षण की स्थिति बेहतर करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कूड़ा प्वाइंट चिह्नित कर उन्हें चहारदीवारी से कवर किया जाएगा, जिससे कूड़ा सड़क पर न फैले। निगम की टीम ने कूड़ा फेंकने वालों से जुर्माना वसूलना भी शुरू कर दिया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में नगरनिगम के पिछड़ने के बाद से प्रशासन ने शहर को साफ सुधरा बनाने की कवायद शुरू कर दी है। शहर में ओवरब्रिज के पिलरों पर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्लोगन लिखाए गए हैं। नगर आयुक्त विवेक राय ने कहा कि क्षेत्र में देखने में आया है कि कूड़ा प्वाइंट से कूड़ा उठाने के बाद लोग फिर से वहां कूड़ा डाल देते हैं। ऐसे में कूड़ा कचरा सड़कों पर बिखर जाता है।
निगम शहर के सभी कूड़ा प्वाइंट को चिह्नित कर रहा है, ताकि इन स्थानों पर बाउंड्री बनाई जा सके। कहा कि काशीपुर में लगातार बढ़ रहे संक्रमण को ध्यान में रखकर कूड़ा फेंकने और सार्वजनिक स्थलों पर थूकने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। इसके लिए एसएनए आलोक उनियाल व फईम खां के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने गंदगी फैलाने वाले लोगों के चालान काटकर 1800 रुपये का जुर्माना वसूला।
स्वच्छता की स्थिति बेहतर करने के लिए निगम प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक करने के साथ ही गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
विवेक राय, एमएनए, काशीपुर