रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में बसों का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रुद्रपुर रोडवेज डिपो प्रबंधन ने बरेली (यूपी) के लिए छह बसों का संचालन शुरू कर दिया है। इससे पहले बरेली के लिए बसें कम पड़ने के कारण यात्रियों को किच्छा से बसें पकड़नी पड़ रहीं थीं। इसके साथ ही रुद्रपुर डिपो से स्थानीय रूटों पर 41 में से 16 अनुबंधित बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। 25 अनुबंधित बसों को अभी सरेंडर ही रखा गया है।
रोडवेज स्टेशन में रविवार को भी यात्रियों की भीड़भाड़ रही। दिल्ली, पंजाब, बरेली, देहरादून के लिए पर्याप्त संख्या में बसें संचालित नहीं होने से यात्री बसों के लिए भटकते रहे। अनुबंधित बसों को अभी लंबे रूटों पर संचालित नहीं किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बरेली के लिए रुद्रपुर डिपो से छह बसों का संचालन शुरू किया गया। सहायक महाप्रबंधक राकेश कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण अभी 41 अनुबंधित बसों में से सिर्फ 16 बसें स्थानीय रूटों पर चलाई जा रही हैं। दिल्ली, पंजाब, यूपी और देहरादून आदि लंबे रूटों के लिए डिपो की अपनी 53 बसों को ही रोस्टर के आधार पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ने से डिपो की दैनिक आय करीब आठ लाख रुपये पहुंच गई है।