काशीपुर में पत्नी के साथ बच्चे की दवा लेने जा रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत (kashipur road accident) हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची यूपी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीएम कोर्ट के पास स्थित मोहल्ला पाकीजा कॉलोनी निवासी मोहम्मद रेहान (25) अपनी पत्नी फरहा (24) के साथ बेटे फुरकान (2) के लिए दवा लेने बाइक से इमरता गांव जा रहा था। ग्राम जमालगंज के पास एक बस की चपेट में आकर रेहान की मौत हो गई, जबकि पत्नी का पैर फ्रैक्चर हो गया। हादसे में बच्चे को भी चोटें आई हैं। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिजनों के मुताबिक रेहान नाई का काम करता था। पुलिस ने बस त्रिवेणी शुगर मिल में खड़ी कर दी है, जबकि चालक फरार है।
बाइक ने फैक्टरी कर्मी को मारी टक्कर, मौत
रुद्रपुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में एक फैक्टरी कर्मी की मौत हो गई। वह फैक्टरी में ड्यूटी करने जा रहा था। बताया जा रहा है अगले महीने उसकी बड़ी बेटी की शादी थी।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम गरगैया बहेड़ी निवासी हरवंश कुमार (43) रुद्रपुर के वार्ड नंबर 14 भदईपुरा में किराये पर रहता था और किच्छा बाईपास रोड पर एक फैक्टरी में काम करता था।
सोमवार की देर शाम वह ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। इस दौरान भदईपुरा में तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हरवंश को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी, दो बेटी और बेटा गांव में रहते हैं।