बाबा तरसेम सिंह की हत्या के षड्यंत्र में गिरफ्तार परगट सिंह और दिलबाग सिंह बाबा के खिलाफ आंदोलन को लेकर हुई बैठक में शामिल होने रुद्रपुर आए थे। सोमवार को सीओ सितारगंज ने ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष के साथ बैठक स्थल के सीसीटीवी चेक किए।
नानकमत्ता डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या के षड्यंत्र में गिरफ्तार परगट सिंह और दिलबाग सिंह बाबा के खिलाफ आंदोलन को लेकर हुई बैठक में शामिल होने रुद्रपुर आए थे। सोमवार को सीओ सितारगंज बहादुर सिंह चौहान ने ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष के साथ बैठक स्थल के सीसीटीवी चेक किए। कुछ लोगों से पूछताछ भी की।
विज्ञापन
डेरा प्रमुख तरसेम सिंह हत्याकांड के शार्प शूटरों की मदद करने और संसाधन उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस जांच में पता चला कि पीलीभीत निवासी परगट सिंह और शाहजहांपुर निवासी दिलबाग सिंह बीते पांच मार्च 2024 को बाबा तरसेम सिंह के विरोध में हुई बैठक में शामिल होने के लिए रुद्रपुर आए थे।
सूत्रों के अनुसार, उनके साथ शाहजहांपुर से तीन और लोग भी पहुंचे थे जिसकी जांच को लेकर सीओ सितारगंज और ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष टीम के साथ बैठक स्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस टीम ने बैठक में शामिल होने के लिए बाहरी राज्यों से लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
सुल्तान के घर पर रहा था शार्प शूटर अमरजीत
हत्याकांड में सुल्तान सिंह का नाम सामने आया है लेकिन सुल्तान अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सूत्रों के अनुसार, सुल्तान के घर पर शार्प शूटर अमरजीत सिंह एक से डेढ़ महीने तक रहा था। सुल्तान सिंह ने ही अमरजीत के पैर का इलाज कराया था। सुल्तान सिंह की खेती-बाड़ी शाहजहांपुर के पुवाया में हैं। सुल्तान सिंह को बाबा तरसेम हत्याकांड में नामजद एक आरोपी का करीब बताया जा रहा है। संवाद