आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित जनसंवाद में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को स्वाधीनता आंदोलन से लेकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कहा कि पंचायतों के सशक्तीकरण से ही गांवों का समग्र विकास हो सकता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज, स्वच्छता, पर्यावरण और जल संवर्द्धन का सपना देखा था, उसे सभी को मिलकर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
प्रतापनगर के ब्लॉक सभागार में जिला पंचायत की ओर से आयोजित जन संवाद कार्यक्रम का विधायक विजय सिंह पंवार और जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने शुभारंभ किया। उन्होंने कृषि, पशुपालन, श्रम, समाज कल्याण, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, बाल विकास, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि स्वाधीनता आंदोलन में देश महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों के जीवन से युवा पीढ़ी को रूबरू करवाने और योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष सजवाण ने कहा कि पंचायतों को सरकार के साथ मिलकर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने झील में बिना लाइफ जैकेट के तैराकी करने वाले त्रिलोक रावत, उनके पुत्र ऋषभ, पारस को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कई विभागों पर समस्याओं को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोला सिंह परमार, डीडीओ सुनील कुमार, डीएसटीओ निर्मल शाह, सीवीओ डा. पीएस रावत, जिला पंचायत के एएमए संजय खंडूरी, जिला पंचायत सदस्य नीलम बिष्ट, रेखा असवाल और संजू देवी आदि मौजूद थे।