स्कूली बच्चों को पोक्सो एक्ट, बाल शोषण, घरेलू हिंसा सहित अन्य कानूनी जानकारी देेने के लिए नरेंद्रनगर थाने में कार्यशाला आयोजित की गई। अध्यक्षता करते हुए एसएसपी तृप्ति भट्ट ने बच्चों को महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया, अपराधी की गिरफ्तारी करने सहित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भट्ट ने छात्र-छात्राओं से अपने भविष्य को लेकर जागरूक रहने की अपील की। पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र कुमार चमोली ने छात्र-छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया और थाने के अंतर्गत विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कराते हुए कार्यप्रणाली की जानकारी दी। जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदोरिया ने छात्र-छात्राओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की ओर से वन स्टॉप सेंटर भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें घरेलू हिंसा, शारीरिक शोषण आदि विषयों पर काउंसिलिंग कराई जाती है। एसआई आशा पंचम ने छात्र-छात्राओं को बाल थाने का निरीक्षण कराते हुए बताया कि इसका मकसद बच्चों के मन से डर को दूर करना है। इस मौके पर अग्नि शमन अधिकारी प्रताप सिंह राणा, उप निरीक्षक शांति प्रसाद डिमरी, सूर्य प्रकाश जोशी, उपासना चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के सुशील भट्ट आदि उपस्थित रहे।