जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नमामी बंसल ने वार्षिक ऋण, ऋण जमा अनुपात, वित्तीय समायोजन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, सौर स्वरोजगार योजना ऋण वसूली की समीक्षा की।
बुधवार को सीडीओ ने बैंकर्स और अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार स्वरोजगार बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, लेकिन इन योजनाओं का लाभ लोगों तक तब ही पहुंचेगा जब उन्हें जानकारी होगी। कहा कि स्वरोजगार के लिए ऋण संबंधी आवेदनों को बैंक अनावश्यक न रोके। अग्रणी बैंक प्रबंधक कपिल मरवाहा ने बताया कि मार्च 2022 में जिला सहकारी बैंक ने 100, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने 18, पीएनबी ने 32, एसबीआई ने 26 शिविर लगाकर 1240 लोगों को लाभान्वित किया। आरसेटी के निदेशक विक्रम चौहान ने बताया कि वर्ष 2021-22 में 381 लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है, जिसमें 295 लोगों ने लोन से और 83 ने स्वयं के संसाधनों से स्वरोजगार शुरू किया है। नाबार्ड के डीडीएम एएन शुक्ला ने 2023-24 के लिए संभावित ऋण योजना की जानकारी दी। इस मौके पर आरबीआई देहरादून की मीनाक्षी वर्मा, महाप्रबंधक उद्योग महेश प्रकाश, सीवीओ डॉ. एसके बर्तवाल, कृषि अधिकारी अभिलाषा भट्ट, डीएचओ प्रमोद कुमार, सहायक निदेशक डेरी प्रेमलाल आदि मौजूद थे।