स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद नागेंद्र दत्त सकलानी राजकीय बहुउद्देशीय स्मृति मेला सत्यों में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के दूसरे दिन गढ़वाली और जौनसारी गीतों की धूम रही। लोक गायिका मंजू नौटियाल के गीतों पर दर्शक खूब झूमे।
शहीद नागेंद्र दत्त सकलानी स्मृति मेले के समापन पर सत्यों पहुंचे विधायक खजान दास ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। विधायक ने कहा कि सत्यों में डिग्री कालेज खोलने के लिए शीघ्र ही सीएम और शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे। विशिष्ठ अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला ने कहा कि स्वरोजगार के लिए जिला सहकारी बैंक कम ब्याज दर और आसान शर्तों पर ऋण दे रहा है, बेरोजगारों को योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करना चाहिए। मेले के समापन पर गढ़वाली और जौनपुरी गीतों की खूब धूम रही। लोक गायिका मंजू नौटियाल ने प्रसिद्ध जौनपुरी गीत सुरतु मामा की शानदार प्रस्तुति दी। जौनपुर लोक कला मंच की अध्यक्ष सुनीता पंवार, लोक गायिका विनीता रावत, भजन सिंह रावत और रणवीर सिंह राणा आदि कलाकारों ने भी सांस्कृतिक समां बाधा। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह नेगी, राज्यमंत्री संजय नेगी, कमलेश सकलानी, अरविंद सकलानी, ऋषिराम सेमवाल, अंशुल उनियाल, मुकेश भट्ट, डा. त्रिलोक चंद्र सोनी और बेबी असवाल आदि मौजूद थे।