टिहरी के मुंगलोडी में पुलिस ने नष्ट की अवैध पोस्त की खेती।
- फोटो : NEW TEHRI
पुलिस ने जौनपुर ब्लाक के ग्राम मूंगलोड़ी में अवैध रूप से उगाई जा रही पोस्त (अफीम) की खेती नष्ट कर आरोपी भूस्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में पोस्त की खेती करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि थत्यूड़ थाना पुलिस को मंगलोड़ी गांव में अवैध रूप से पोस्त की खेती करने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच के लिए सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी और थत्यूड़ थानाध्यक्ष मनीष नेगी 27 अप्रैल को मयफोर्स मौके पर पहुंचे, तो वहां दो हेक्टेयर में अवैध रूप से उगाई जा रही पोस्त की खेती पाई गई। पुलिस टीम ने पोस्त की फसल को नष्ट कर राजस्व उप निरीक्षक भीमदत्त उनियाल, गिरीश भट्ट औतंड़ के प्रधान राहुल वैद्य को मौके पर बुलाया। राजस्व उपनिरीक्षक ने भूलेखों के आधार पर बताया कि खेत मूंगलोड़ी गांव के सीताराम का है। उसके बाद करीब एक लाख 35 हजार रुपये की पोस्त की फसल को नष्ट कर भूस्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। एसएसपी ने बताया कि भूस्वामी सीताराम की तलाश की जा रही है। उन्होंने पोस्त की फसल नष्ट करने वाली टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। पुलिस टीम में सीओ सदर और थानाध्यक्ष के साथ कांस्टेबल धर्मपाल सिंह, सिकंदर तोमर, प्यारेालाल जोशी और मीना तोमर आदि शामिल थे।