टिहरी झील किनारे कोटी कॉलोनी में पर्यटन सुविधाओं को लेकर जानकारी लेती डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव।
- फोटो : NEW TEHRI
जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने टिहरी झील क्षेत्र कोटी कालोनी में बेहतर पर्यटन सुविधाएं और एसडीआरएफ के लिए भूमि चयन को लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेते हुए एक सप्ताह के अंदर एसडीआरएफ के लिए राजस्व भूमि चयन करने के निर्देश दिए। कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था पर बोटिंग प्वाइंट के समीप प्राथमिक स्कूल भवन एसडीआरएफ को मुहैया करवाया जाए।
बुधवार को कोटी स्थित टाडा (टिहरी विशेष क्षेत्र पर्यटन विकास प्राधिकरण) के कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम ने झील परिक्षेत्र में संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम धनोल्टी लक्ष्मी राज चौहान को टाडा के नए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) का दायित्व भी सौंपा। कहा कि वह सप्ताह में एक दिन टाडा कार्यालय में बैठकर अवस्थापना संबंधित कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने लोनिवि के ईई केएस नेगी को एक सप्ताह के भीतर एक्शन प्लॉन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने बोटिंग प्वाइंट, निर्माणाधीन दुकानों, चेजिंग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि के ईई को बोटिंग प्वाइंट के लिए एप्रोच मोटर मार्ग बनाने के भी निर्देश दिए। पार्किंग स्थल झील की ओर व्यू प्वाइंट भी बनाया जाए। इस मौके पर एसडीएम अपूर्वा सिंह, पीडी डीआरडीए आनंद सिंह भाकुनी, जिला अर्थ संख्याधिकारी निर्मल शाह, ग्रामीण निर्माण के ईई युवराज सिंह, साहसिक खेल अधिकारी एसएस राणा युवराज सिंह आदि मौजूद थे।