प्रतापनगर ब्लाक के कोरदी गांव में कुछ शरारती तत्वों ने एक दुकान में आग लगा दी, जिससे दुकान में रखा लाखों का सामान जल गया। साथ ही दुकान के पास खड़ी एक बाइक को भी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों ने इस घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
बृहस्पतिवार रात को अज्ञात लोगों ने कोरदी गांव में एक परचून की दुकान व ढाबे में आग लगा दी, जिससे दुकान में रखा करीब तीन लाख रुपये का सामान जल गया और बर्तन व चार सिलिंडर आदि भी बर्बाद हो गए। दुकान स्वामी शूरवीर सिंह पुत्र स्व. बचन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह दुकान खोलने आया तब तक पूरी दुकान जल चुकी थी। साथ ही दुकान के पास खड़ी एक बाइक भी जल गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा, प्रमुख प्रदीप रमोला, जिला पंचायत सदस्य रीता राणा और सूरजपाल राणा ने बताया कि पीड़ित दुकानदार दो साल पहले लॉकडाउन में घर आया था और गांव के पास टीनशेड बनाकर परचून की दुकान व ढाबा खोला था। सूरजपाल राणा ने बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी के कागजात भी दुकान में रखे थे, वह भी जल गए हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।