श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने नरेंद्रनगर में लॉ कॉलेज खोलने, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी, सौनी-भैंसर्क-गुजराड़ा मोटर मार्ग को डबल लेन बनाने, मेला आयोजन के लिए 10 लाख की धनराशि देेने सहित कई विकास घोषणाएं की।
रामलीला मैदान में आयोजित कुंजापुरी मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेले सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के साथ मनोरंजन के साधन भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार देेने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बिना ब्याज के पांच लाख तक का ऋण दिया जा रहा है। सरकारी विभागों में रिक्त चल 24 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के लिए पांच लाख की धनराशि बढ़ाकर 10 लाख देने की घोषणा की। कार्यक्रम में सीएम ने हाईस्कूल और इंटर के आठ मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित किए।
कृषि मंत्री और विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि मेला आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल और संस्कृति के क्षेत्र में युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराना है। मेला समिति अध्यक्ष/पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देेने की अपील की। इस मौके पर पूर्व विधायक ओमगोपाल रावत, मुनिकीरेती पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी आदि उपस्थित रहे। संचालन महेश गुसाईं व रमेश अंथवाल ने किया।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
नरेंद्रनगर में लॉ कॉलेज
मोटा नाले समीप वाहन पार्किंग निर्माण
मुख्य बाजार के जर्जर भवनों का पर्वतीय शैली में निर्माण
निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का विस्तारीकरण
ओडाडा और बेरनी इंटर कॉलेज मेें चार-चार अतिरिक्त कक्ष निर्माण
मुनिकीरेती ढालवाला में स्टेडियम
गजा में मिनी स्टेडियम
घंटाकरण मंदिर में यात्री विश्रामगृह का निर्माण
दोगी पट्टी में आपदा से क्षतिग्रस्त चार पर्वतीय सिंचाई नहरों का निर्माण
नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइन, रास्तों, सिंचाई नहरों की मरम्मत के लिए दिए दो करोड़
नरेंद्रनगर-रानीपोखरी, सौनी-भैंसर्क-गुजराड़ा मोटर मार्ग बनेगा डबल लेन