जिला मुख्यालय नई टिहरी में अग्निशमन विभाग में बतौर लीडिंग फायर मैन कार्यरत खजान सिंह तोमर को राज्य स्थापना दिवस पर आज देहरादून में राज्यपाल के हाथों राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।
खजान सिंह पुत्र तिलक सिंह तोमर निवासी कोरवा खत बमटाड, तहसील चकराता जौनसार देहरादून वर्ष 1996 में मेरठ में अग्निशमन विभाग में बतौर फायरमैन भर्ती हुए थे। खजान सिंह की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा को देखते हुए वर्ष 2016 में उन्हें पुलिस महानिदेशक की ओर से सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया था। कोविड-19 के दौरान भी अच्छा कार्य करने पर पुलिस महानिदेशक ने प्रशस्तिपत्र देकर पुरस्कृत किया। 26 साल की सेवा में उत्कृष्ट सेवा को देखते हुए राष्ट्रपति द्वारा 15 अगस्त 2020 को खजान सिंह तोमर को सराहनीय सेवा पदक नवाजे जाने की घोषणा की गई थी। उन्हें यह पुरस्कार आज नौ नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर राज्यपाल की ओर से राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक से नवाजा जाएगा।