टिहरी झील में बोटिंग करते इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन।
- फोटो : NEW TEHRI
इंडियन आइडल के विजेता पवनदीप राजन व उप विजेता अरुणिता कांजीलाल ने टिहरी झील में रोमांच का सफर किया। उन्होंने कहा कि फिल्म शूटिंग के लिए टिहरी झील बेहतर लोकेशन है। उन्होंने झील क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने का सुझाव दिया।
शनिवार शाम करीब छह बजे इंडियन आइडल के विजेता पवनदीप राजन और उप विजेता अरुणिता कांजीलाल टिहरी झील किनारे कोटी कालोनी पहुंचे। पवनदीप ने बताया कि इन दिनों वह नरेंद्रनगर के आनंदा होटल में रिश्तेदारों के साथ छुट्टी मनाने आए हुए थे। टिहरी झील के आकर्षण को देखते हुए वह यहां पहुंचे हैं। बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार और अध्यक्ष नरेंद्र रावत ने पवनदीप के विशेष आग्रह पर उन्हें और साथियों को कोटी कालोनी से डोबरा-चांठी पुल तक बोटिंग कराई। शाम को अंधेरा होने के कारण वह सिर्फ 15 मिनट बोटिंग कर पाए। पावनदीप और अरुणिता ने टिहरी झील की खूबसूरती को खूब निहारा। कहा कि फिल्म शूटिंग के लिए भी यह बेहतरीन लोकेशन है। इसकी जानकारी वह मुंबई जाकर फिल्म इंडस्ट्रीज और अपने साथियों को बताएंगे। उन्होंने कहा कि अगली बार वह पूरा समय निकालकर झील का भ्रमण करेंगे।