कोरोना संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार ने जिला अनुश्रवण (निगरानी समिति) की बैठक ली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सैंपलिंग बढ़ाने को कहा। पेट्रोल पंप, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड, पंचायतों भवनों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता के लिए बैनर, पोस्टर लगाने को कहा।
बैठक में एसीएमओ डा. एलडी सेमवाल ने बताया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 600 लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। पांच ट्रूनेट मशीन उपलब्ध है। चार अस्पतालों में आक्सीजन जनरेशन प्लांट की सुविधा उपलब्ध है। 34 सरकारी जनरल एंबुलेंस, एक लाइफ सपोर्ट आक्सीजन एंबुलेंस है। दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। नगर पालिका प्रत्येक रविवार सरकारी कार्यालयों और बुधवार को बाजार में सेनिटाइज करेगा। एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मध्यनजर कोविड पॉजिटिव वालों के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा दी जाएगी। हर पोलिंग स्टेशन में थर्मल मशीन की व्यवस्था होगी। बैठक में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय घिल्डियाल, डीईओ बेसिक एसएस बिष्ट, आयुर्वेदिक अधिकारी डा. डीपी कोठियाल, डीएसओ अरुण वर्मा आदि उपस्थित रहे।