नई टिहरी में जागर सम्राट प्रीतम ने ढोलनाद कर विधायक नेगी ने वितरित किए ढोल, दमाऊ और मशकबीन।
- फोटो : NEW TEHRI
टिहरी विधानसभा क्षेत्र के चंबा ब्लॉक के 45 लोकवंत कलाकारों को विधायक डा. धन सिंह नेगी ने ढोल, दमाऊं और 16 मशकबीन वितरित किए। प्रख्यात जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने मंच से ढोल वादकों के साथ ढोलनाद कर कलाकारों को वाद्य यंत्र भेंट किए। प्रीतम भरतवाण ने कहा कि धन सिंह नेगी प्रदेश के पहले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने भगवान शिव के द्योतक और सरस्वती के वाहक लोकवंत कलाकारों को सम्मान दिया। इसके बाद प्रीतम के शानदार जागर और गीतों पर दर्शक जमकर झूमे।
पीआईसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक धन सिंह नेगी और जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने चंबा ब्लॉक के लोकवंत कलाकारों को ढोल, दमाऊं और मशकबीन देकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने कहा कि लोक कलाओं को जीवंत रखने के लिए मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। विधानसभा क्षेत्र में अब तक 88 ढोल वादकों को वाद्य यंत्र वितरित किए हैं। कहा कि ढोल हमारी धरोहर हैं। इसे चिरस्थायी बनाए रखना जरूरी है। जागर सम्राट भरतवाण ने कहा कि वह ढोल वादक के बेटे हैं। छोटे से घर से उनका सफर आज अमेरिका में विवि में एसोसिएट प्रोफेसर तक पहुंचा है। ऐसे में कलावंत कलाकार अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ इस विद्या में भी पारंगत करें। कार्यक्रम में उन्होंने लोक गायिका सीमा पंगरियाण के साथ नारैणी मेरी माता भवानी, शिवजी कैलाश रैंदा, श्रीनाम पंचमी, मेरी गाजिणा समेत कई गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, धर्म सिंह रावत, दुग्ध संघ के अध्यक्ष जगदंबा बेलवाल, पूर्व राज्यमंत्री बेबी असवाल, जाखणीधार प्रमुख सुनीता देवी, चंबा प्रमुख शिवानी बिष्ट, पूर्व प्रमुख अनीता कंडियाल, ज्येष्ठ उपप्रमुख आशाराम थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य विनोद बिष्ट, सतेंद्र धनोला और विमला खंणका आदि मौजूद थे।