18 साल इंतजार के बाद प्रदेश सरकार से डोडग थापला-पुजार गांव सड़क निर्माण को लिए हरी झंडी मिल गई है। सड़क के अभाव में पुजारगांव में निवासरत 250 परिवारों को चार किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही थी। बाजार से चार किमी पैदल दूरी तय कर ग्रामीण रसद सामग्री, रसोई गैस पीठ और कंधों पर ढोकर किसी तरह गांव पहुंचाते थे। इस माह टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर लोनिवि दिसंबर से डोडग थापला-पुजार गांव सड़क का निर्माण शुरू करेगा।
प्रतापनगर ब्लॉक के पुजार गांव के लोगों का सड़क निर्माण का सपना 2003 से हकीकत में नहीं बदल पा रहा था। वर्ष 2003 में डोडग थापला से पुजारगांव तक 3.2 किमी सड़क निर्माण के लिए दो करोड़ 12 लाख की स्वीकृति मिली थी, लेकिन प्रथम चरण में मुआवजा वितरण के बाद निर्माण कार्य की वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई थी। तब से ग्रामीण लगातार सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन के स्तर पर सिर्फ आश्वासन ही मिलते रहे। 18 साल इंतजार के बाद अब जाकर सड़क निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल पाई है। लोनिवि के ईई केएस नेगी ने बताया कि बीते अक्तूबर में प्रदेश सरकार ने डोडग थापला-पुजार गांव सड़क के लिए 72 लाख की स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिसंबर से सड़क निर्माण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तीन से चार माह का वक्त सड़क निर्माण पूरा करने में लगेगा।
इस सड़क के निर्माण से पुजार गांव के लोगों को बीमार बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए पालकी और कुर्सी में बैठाकर सड़क तक पहुंचाने से निजात मिलेगी। गांव के काश्तकारों को दूध, सब्जी और अन्य नकदी फसलों को बाजार तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।