प्रतापनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने थौलधार ब्लॉक के आपदा प्रभावित कोटी-रौल्यालौं का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने प्रशासन से आपदा प्रभावित गांव का पुनर्वास कर रोजगार देने की मांग की है।
रविवार को पूर्व विधायक नेगी ने कोटी-रौलाल्यों पहुंचकर अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध के कारण आसपास के गांवों की स्थित पहले से ही विकट हो रखी है। कोटी गांव के निर्माणाधीन मार्ग पर भूस्खलन से एक मकान और शौचालय पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के नीचे से भरत सिंह, सौकिना देवी, विनोद रावत, दिलबर सिंह, मूर्ति सिंह, सोबत सिंह, मंगल सिंह आदि के मकानों के ऊपर भी मलबा आने से खतरा उत्पन्न हो गया है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह बुटोला, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री नरेंद्र राणा, दिनेश कृषाली, मनीष कुकरेती, सुरेश राणा, मंगल सिंह मौजूद थे।