औद्यानिकी एवं वानिकी विवि भरसार के रानीचौरी परिसर की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीण मुखर होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने विवि के कुलपति को भेजे ज्ञापन में रानीचौरी परिसर में पीजी स्तर पर नए कोर्स शुरू करने, स्थानीय बेरोजगारों को नियुक्ति देने और कृषि विज्ञान केंद्र से ग्रामीणों को नई तकनीकी की जानकारी देने की मांग की है।
रानीचौरी क्षेत्र के ग्रामीणों ने रानीचौरी परिसर के डीन के माध्यम से विवि के कुलपति को ज्ञापन भेजकर अपनी पुरानी लंबित समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। क्षेत्र के हर्षमणी बहुगुणा ने कहा कि परिसर में इस सत्र से पीजी स्तर पर कृषि और औद्यानिकी विषय संचालित करने, स्थानीय बेरोजगारों युवाओं को योग्यता के आधार पर उपनल की जगह स्थायी नियुक्ति देने की मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गोपाल बहुगुणा ने कहा स्थानीय कृषकों को इस परिसर का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन भेजने वालों में सुशील कुमार बहुुगुणा, संजय बहुगुणा और शैलेंद्र नेगी आदि शामिल थे।