व्यापारी के साथ हुई मारपीट की उच्च स्तरीय जांच कराने, आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी तृप्ति भट्ट से मिला। उन्होंने एसएसपी को तीन सूत्री ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
नई टिहरी हनुमान चौक पर व्यापारी गजेंद्र सिंह चौहान के साथ बौराड़ी निवासी युवक सिद्धार्थ नेगी ने मारपीट कर दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित व्यापारियों ने बीते दिन नई टिहरी-बौराड़ी मार्ग पर तीन घंटे जाम लगाया था। व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष ज्योति डोभाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी तृप्ति भट्ट से मिला। उन्होंने एसएसपी को घटना की जानकारी देते हुए तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा। अध्यक्ष डोभाल ने बताया कि एसएसपी ने सभी पहलुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में सभासद विजय कठैत, केंद्र सिंह चौहान, हितेश चौहान, प्रकाश डोभाल और राजेंद्र प्रसाद डोभाल शामिल रहे।