सीडीओ नमामी बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में चार शिकायतें दर्ज हुई। जनता दरबार में नरेंद्रनगर के ग्राम स्वीर की सुंदरी देवी ने बताया कि ब्लॉक कार्यालय की ओर से बनाए जा रहे उनके घर के शौचालय का आध-अधूरा निर्माण छोड़ दिया गया, जिस पर सीडीओ ने डीडीओ सुनील कुमार को मौके का निरीक्षण कर तीन दिन के अंतर्गत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। चंबा के ग्राम कुठ्ठा निवासी जयेंद्र सिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई कि जल निगम ने उनकी भूमि पर अतिक्रमण कर पाइप लाइन बिछा दी है।
सीडीओ ने जल निगम के अधिकारियो को 15 दिन के अंतर्गत समस्या समाधान करने को कहा। कैमसारी निवासी बबली देवी ने आसपास के लोगों पर अनावश्यक परेशान और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। सीडीओ ने पुलिस उपाधीक्षक को मौके पर जाकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। चंबा के ग्राम गुनोगी की शकुंतला देवी ने प्रधान मंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने की गुहार लगाई। इस मौके पर सीएमओ डा. संजय जैन, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी एसएस यादव, एआरटीओ एनके ओझा, जिला युवा कल्याण अधिकारी डा. मुकेश चंद्र डिमरी, डीएचओ डा. डीके तिवारी, ईई जल संस्थान सतीश चंद्र नौटियाल आदि उपस्थित रहे।