टिहरी दुग्ध सहकारी संघ के उपाध्यक्ष जोत सिंह गुसाईं एक जून से लापता चल रहे हैं। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चल पाया तो परिजनों ने थाने में उनकी गुमशूदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि जोत सिंह अपने घर मोलनों (पौखाल) से एक जून की सुबह अन्य दिनों की भांति निकले थे।
शाम को जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया, फोन बंद मिलने पर उनकी चिंता बढ़ गई। अगले दिन सुबह परिजनों ने पौखाल सहित अन्य जगह नाते-रिश्तेदारी में संपर्क किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया है।
चार दिन बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो उनके पुत्र जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार शाम घनसाली पुलिस थाने में गुमशुदगी की तरहरीर देकर उनको ढूंढने की गुहार लगाई है।
थानाध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने बताया कि दुग्ध संघ के उपाध्यक्ष की गुमशुदगी की तहरीर मिली है। सभी थाना-चौकियों को सूचना देकर उनकी तलाश शुरू की गई है।