धनोल्टी स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में अनियमितता पाए जाने पर तहसील प्रशासन ने दुकान स्वामी और सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। धनोल्टी अंग्रेजी शराब की दुकान से प्रशासन को निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर शराब बेचे जाने की शिकायत मिली थी, जिस पर तहसील प्रशासन ने दुकान की चेकिंग की। तहसीलदार शक्ति प्रसाद उनियाल ने बताया कि दुकान में अवैध शराब मिली है।
दुकान में अंग्रेजी शराब की कई बोतलों में जो नंबर पाया गया, वह दुकान के रिकार्ड में नहीं दर्ज था। चेकिंग में गलत बैच नंबर की शराब मिलने के अलावा दुकान में कई ब्रांड की बोतलों की रेट लिस्ट भी नहीं लगाई गई थी।
इस पर एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने दुकान स्वामी कैलाश चंद्र और सेल्समैन राकेश उनियाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया। तहसीलदार उनियाल ने बताया कि मामले की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई करने के लिए डीएम को प्रेषित कर दी गई है।