पालिका बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में निर्णय लिया गया है कि शहर के हर घर से डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए 30 रुपये मासिक शुल्क लिया जाएगा। एक साल के लिए योजना प्रयोग के तौर पर शुरू कर इसकी जिम्ममेदारी किसी संस्था को दी जाएगी। सदस्यों ने मांग की है कि चंबा नगर पंचायत से व्यवस्था पर तैनात ईओ को नई टिहरी में भी अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी दी जाए।
मंगलवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष उमेश चरण गुर्साइं की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि कूड़ा उठाने के लिए प्रत्येक परिवार से तीस रुपये लिए जाएंगे। हालांकि सभासद विजय कठैत ने इसमें प्रतिवर्ष दस प्रतिशत बढ़ोत्तरी किए जाने का विरोध किया।
बोर्ड में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि नई टिहरी में वर्तमान में जो ईओ कार्यरत हैं, वे पालिका को पूरा समय नहीं दे पा रहे हैं इसलिए चंबा से व्यवस्था पर यहां तैनात ईओ को यहां की पूरी जिम्मेदारी सौंपी जाए। इस संबंध में जिलाधिकारी से भी मांग है गई है। बोर्ड ने कोटी कालोनी में अंत्येष्टि के लिए लकड़ी के टॉल के लिए प्रशासन से मांग की गई है कि स्टाल में समय-समय पर लकड़ी उपलब्ध करवाने के लिए वन विभाग को निर्देशित करें।
साथ ही निर्णय लिया गया है कि होर्डिंग्स के लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएगी और ठेकेदार के माध्यम से यह कार्य करवाया जाएगा। बैठक में सभासद चिरंजीव तिवाड़ी, गिरीश घिल्डियाल, मानवेंद्र रावत, उर्मिला महर, भुवनेश्वरी उनियाल, कुसुम चौहान, ईओ एलम दास, हयात सिंह रौतेला, यूडी तिवारी आदि मौजूद थे।