नई टिहरी के खाड़ी बाजार में कपड़ों की दुकान में आग लगने से सामान जलकर राख।
- फोटो : NEW TEHRI
नरेंद्रनगर ब्लाक के खाड़ी बाजार में दीपावली की सुबह कपड़े के स्टोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इससे भूतल पर स्थिति दुकान आग की चपेट में आने से बच गई।
दीपावली की सुबह खाड़ी बाजार में गजा रोड पर स्थित राजपाल सिंह गुसाईं की दुकान की ऊपरी मंजिल में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते गोदाम से आग की लपटों के साथ धुएं का गुबार उठने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखे लाखों रुपये के कपड़े जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि भूतल पर स्थित दुकान बाल-बाल बच गई।
दुकान स्वामी ने बताया कि दीपावली के लिए बैंक से पांच लाख रुपये ऋण लेकर कुल 15 लाख रुपये के कपड़े खरीदे थे, लेकिन आगजनी से सब राख हो गया। ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने सरकार से पीड़ित व्यापारी को मुआवजा देने की मांग की है। नरेंद्रनगर थानाध्यक्ष प्रदीप पंत ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या आग का कारण शार्ट सर्किट लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। आग बुझाने वालों में उत्तराखंड जन जागृति संस्थान के अध्यक्ष अरण्य रंजन, अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह राणा, गिरीश लोहनी, चंद्रप्रकाश, जगवीर सिंह, सचिन कुमार और प्रकाश आदि शामिल थे।