सड़क के अभाव में वर्षों से पैदल दूरी नाप रहे धनोल्टी के एक दर्जन गांव के लोगों की राह जल्द आसान होने वाली है। सरकार ने सात सड़कों के लिए करीब 20 करोड़ की सैद्घांतिक स्वीकृति दे दी है। उनके निर्माण के लिए लोनिवि ने निविदा जारी कर दी है।
धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के कई गांव अब भी सड़क से वंचित हैं। सड़क के अभाव में उन्हें चार से पांच किमी का सफर पैदल तय करना पड़ रहा था। सरकार ने पूर्व में क्षेत्र की सात सड़कों के प्रथम चरण की स्वीकृति देते हुए लोनिवि को द्वितीय चरण की डीपीआर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लोनोवि ने सड़कों के निर्माण की डीपीआर शासन को भेजी थी। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार के प्रयास से सरकार ने ककडू-उडार्सू पांच किमी, मसोन बैंड से बद्रीगाड पांच किमी, साटागाड के किमी एक से पांच किमी, सांकरी से बरनोली होते हुए बमराडी तक दो किमी के निर्माण, दुधली- डिबोगी, छाम-मैंडखाल-बंगियाल-ज्वारना, मैंडखाल से खाद-साबली मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए करीब 20 करोड़ की स्वीकृति दी है। लोनिवि स्वीकृत सड़कों के लिए नवनिर्माण और डामरीकरण के लिए निविदा आमंत्रित कर चुका है। लोनिवि थत्यूड के ईई रजनीश कुमार का कहना है कि स्वीकृत सड़कों के निर्माण को निविदा जारी की गई है। निविदा आने के बाद सड़कों के डामरीकरण और निर्माण का कार्य शुरू करवाया जाएगा।