घनसाली (टिहरी)। बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किए बिना ही हाउस टैक्स वसूलने की प्रक्रिया शुरू करने का चमियाला के लोगों ने विरोध किया। हाउस टैक्स वसूलने पर स्थानीय लोगों ने चमियाला नगर पंचायत के ईओ अजय कुमार का घेराव किया। कहा कि हाउस टैक्स वसूलना बंद नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
नगर पंचायत चमियाला की ओर से हाउस टैक्स वसूलने से आक्रोशित स्थानीय लोग व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह रावत के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचे। नगर क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में ईओ अजय कुमार को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने कहा कि 2016 में नगर पंचायत का गठन होने के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि आगामी 10 वर्षों से हाउस टैक्स नहीं लिया जाएगा। उन्होंने ईओ को बताया कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में अभी नाली निर्माण पूरा नहीं हो पाया है।
स्ट्रीट लाइटें भी सभी जगह नहीं लगी। कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किए बिना ही हाउस टैक्स वसूल करने की प्रक्रिया शुरू करना तर्कसंगत नहीं है। इस मौके पर हुकम सिंह, धर्म सिंह,रावत,,हरीश रावत, शैलेंद्र रतूड़ी, बेली राम तिवारी, इंद्र सिंह, प्रताप सिंह मौजूद रहे।
हाउस टैक्स लेने के संबंध में पूर्व में विज्ञप्ति प्रकाशित कर आपत्तियां मांगी गई थी। निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं की। नियम के अनुसार ही हाउस टैक्स लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
-अजय कुमार अष्टवाल, ईओ, नगर पंचायत चमियाला