संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी वाटर कलर के प्रसिद्ध आर्टिस्ट बर्नाड कारगे उत्तराखंड में दैवी आपदा से हुए नुकसान को पेंटिंग के जरिए प्रदर्शित करेंगे। इन दिनों वह उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का भ्रमण कर आपदा से हुए नुकसान को देखने पहुंचे हैं।
बृहस्पतिवार शाम को बादशाहीथौल स्थित टी-स्क्वायर पहुंचे वाटर कलर आर्टिस्ट बर्नाड कारगे ने कहा कि प्रकृति के साथ ज्यादा छेड़छाड़ ठीक नहीं है। बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ बाइक राइडिंग से देहरादून से होते हुए ऋषिकेश-चंबा, नई टिहरी और अगले दिन उत्तरकाशी की नेलांग घाटी जाएंगे। इन क्षेत्र में दैवी आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेना ही उनका लक्ष्य है। बताया कि मूलरूप से वह दार्जिलिंग के हैं, लेकिन लंबे समय से दिल्ली में काम रहे हैं।
बताया कि तस्वीर घटनाओं काे बयां करने में सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए पेंटिंग के जरिए लोगों को समझा रहे हैं। बताया कि गत माह यंगिस्तान फाउंडेशन की पहल पर हैदराबाद में आयोजित बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी विषय पर भी उन्होंने पेंटिंग बनाई थी। अब उत्तराखंड में इस साल आपदा से हुए नुकसान की पेटिंग बनाएंगे। कहा कि अतिवृष्टि से इस बार हाईवे सहित तमाम ग्रामीण सड़कों पर मलबे के ढेर जमे हैं। यहां उत्तरकाशी सड़क पर भी लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में जन जागरुकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए वह इस बार इसी विषय को लेकर पेटिंग बनाएंगे। इस मौके पर युवराज सिंह बिष्ट, राजीव प्रधान, महेंद्र सिंह अधिकारी मौजूद थे।