चंबा (टिहरी)। पालिका के खांडखाला स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट के चहारदीवारी का निर्माण कार्य कुट्ठा के ग्रामीणों ने रुकवा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर प्लांट बनाया जा रहा है, वह जमीन उनकी है। ऐसे में वे वहां पर प्लांट का काम किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। वहीं पालिका ने खाद बनाने की मशीन आदि के लिए छह करोड़ की डीपीआर शासन को भेज दी है।
नगर क्षेत्र के कूड़ा निस्तारण के लिए पालिका को खांडखाला में जमीन मिली थी। भूमि पर कूड़े का वैज्ञानिक ढंग से उपयोग करने के लिए पालिका ने योजना तैयार की थी। इसके तहत जैविक कूड़े को खांडखाला स्थित प्लांट में भेजकर मशीन से जैविक खाद बनाकर किसानों को न्यूनतम दर पर बेचा जाना था। वहीं अजैविक कूड़े को लोनिवि देहरादून में सड़क बनाने के लिए बेचा जाना प्रस्तावित था। लेकिन कुठ्ठा गांव के लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर प्लांट लगाया जा रहा है, वह जमीन हमारी है। ऐसे में प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने पिछले चार दिन से निर्माण कार्य बंद किया हुआ है। इधर, पालिका ने प्लांट में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत खाद बनाने की मशीन, हाइड्रोलिक डंपर, जेसीबी, कंपेक्टर मशीन, कंपोस्ट मशीन की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है।
कोट
खांडखाला स्थित प्लांट की चहारदीवारी निर्माण का कार्य ग्रामीणों के विरोध के चलते बंद है। प्लांट में लगने वाली मशीन से जैविक कूड़े से जैविक खाद बननी है। मशीन से तैयार जैविक खाद को भी न्यूनतम मूल्य पर लोगों को बेचा जाना है। मशीन, गाड़ी आदि के लिए 6 करोड़ की डीपीआर शासन को भेज दी गई है
-एसपी जोशी, ईओ, पालिका चंबा