नरेंद्रनगर (टिहरी)। ताछला-नौर-मलास मोटर मार्ग का निर्माण मानकों के अनुरूप न होने, सड़क निर्माण के लिए काटे गए खेतों का मुआवजा न देने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत न होने से आक्रोशित लोगों ने सड़क का डामरीकरण रोक दिया। सड़क पेंटिंग कार्य को रोकने के लिए स्थानीय लोग रोलर के सामने धरना पर बैठ गए। हालांकि एडीबी के सहायक अभियंता सुधीर कुमार के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना पांच दिसंबर तक स्थगित कर दिया।
नरेंद्रनगर जिला बनाओ संघर्ष समिति के महासचिव वाचस्पति रयाल के नेतृत्व में ग्रामीण ताछला में एकत्र हुए और ताछला-नौर-मलास सड़क का डामरीकरण रुकवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान काटे गए खेतों का अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। एडीबी के सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने दूरभाष पर प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने पांच तक आंदोलन स्थगित कर दिया। इस मौके पर नूर के प्रधान जगत सिंह रावत, दयाल सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिल्ला देवी, ताछला की प्रधान चिंता देवी, भगवान सिंह, हुकम सिंह रावत, करण सिंह, मोर सिंह, सीता देवी, कलम सिंह, धर्म सिंह व महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।