जून माह में केदारनाथ में आई भंयकर आपदा के बाद से ही भोले की पूजा नहीं हो पा रही है। सरकार भले ही 11 सितंबर से केदारनाथ में दीप जलाने की बात कह रही हो लेकिन क्या ऐसा संभव हो सकेगा?
केदारनाथ धाम में पूजा, पुजारियों और मंदिर स्टाफ के रहने की व्यवस्था तथा अन्य सेवाओं के संबंध में आगामी एक सितंबर को राजधानी में बैठक आयोजित होगी।
पुरोहित समाज करेगा हिस्सेदारी
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ ही श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह, मंदिर के रावल भीमाशंकर लिंग सहित केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
ज्ञात रहे कि 11 सितंबर को केदारनाथ मंदिर में दोबारा पूजा शुरू करवाने की बात सरकार कहती आ रही है। 16/17 जून की आपदा के बाद विगत जुलाई माह के अंत में मंदिर समिति ने मंदिर की सफाई करने के पश्चात मंदिर के दरवाजे पर ताला लगा दिया था।
तैयारियों को लेकर होगी चर्चा
वर्तमान में धाम में दोबारा से व्यवस्थाएं बहाल करने की कार्रवाई चल रही हैं। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बैठक में पूजा की रुपरेखा, तैयारियों और पुलिस-प्रशासन के साथ तालमेल जैसे बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
मंदिर के पट खुलने से पहले मंदिर समिति के कुछ कर्मचारी केदारनाथ पैदल जाएंगे। जो दोबारा पूजा शुरू होने से पूर्व आवश्यक तैयारी करेंगें।