अगस्त्यमुनि ब्लॉक के दुर्गाधर दुर्गा मंदिर परिसर में महिला रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण शक्ति लीला का मंचन किया गया। महिला पात्रों के अभिनय की विधायक भरत सिंह चौधरी ने खूब प्रशंसा की।
रविवार को रामलीला मंचन के नौंवे दिन लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध का मंचन किया गया। इस दौरान पात्रों ने गायन, संवाद और अपनी भाव-भंगिमाओं से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इससे पूर्व बतौर मुख्य अतिथि विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। उनके बिना घर, परिवार और समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। पतंजलि ने महिलाओं की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है। इसी का परिणाम है कि गांवों में चूल्हे-चौके की जिम्मेदारी के साथ महिलाएं कस्बों, नगर व शहरों में रामलीला में अभिनय कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान जयंती गुसाईं, मंदिर समिति के अध्यक्ष रणवीर सिंह कठैत, उपाध्यक्ष हरी लाल, उपप्रधान हरी गुसाईं, मानेंद्र कुमार, प्रेम सिंह कठैत आदि मौजूद थे।