जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में गांवों से पहुंच रही गर्भवती महिलाओं से अल्ट्रासाउंड के लिए दो से पांच सौ रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया है। डीएम मनुज गोयल ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए अधिक भीड़ होने की स्थिति में पहले नंबर लगाने के लिए दो से पांच सौ रुपये की मांगे जा रहे हैं। प्रकरण 26 सितंबर का है, जिसमें नगरासू क्षेत्र से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंची गर्भवती महिला से एक महिला कर्मचारी ने 500 रुपये मांगे थे। मामले में डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं। कहा कि सीएमओ, सीएमएस के अलावा अन्य अधिकारियों से भी जांच कराई जाएगी। दूसरी तरफ सीएमएस डा. दिग्विजय सिंह रावत ने बताया कि गर्भवती महिला ने लिखित में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी व आशा पर अल्ट्रासाउंड के लिए 500 रुपये लेने का आरोप लगाया है। जांच के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के नेतृत्व में दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।