2022 विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांतिदल ने जनता के दिल में जगह बनाने में काफी हद तक सफलता पाई है। रुद्रप्रयाग विस सीट पर पार्टी के प्रत्याशी मोहित डिमरी ने 4570 मत प्राप्त किए हैं। उक्रांद यहां चौथे स्थान पर रहा, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी 4773 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
2019 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के बाद मोहित डिमरी राजनीति में सक्रिय हो गए थे। इस दौरान उन्होंने रुद्रप्रयाग विस ही नहीं, बल्कि केदारनाथ विस क्षेत्र के गांवों का भ्रमण करते रहे और जनसमस्याएं सुनते रहे। नवंबर 2020 को मोहित डिमरी उत्तराखंड क्रांतिदल में शामिल हुए और यहां से उन्होंने अपना जनसंपर्क निरंतर रखा। 2012 व 2017 के विस चुनाव में जिस तरह से उत्तराखंड क्रांतिदल बिल्कुल हाशिए पर सिमट गई थी। उसकी अपेक्षा इस बार मोहित डिमरी ने पार्टी को नई ऊर्जा दी है, जो उन्हें प्राप्त 4570 मत बता रहें हैं। बता दें कि 2017 के विस चुनाव में उक्रांद को सिर्फ 237 वोट ही प्राप्त हो पाए थे।