बृहस्पतिवार को तड़के 5 बजे से केदारनाथ में शुरू हुई बर्फबारी दिनभर रही। इस दौरान दो फीट तक नई बर्फ
- फोटो : RUDRAPRYAG
केदारनाथ में बृहस्पतिवार को दिनभर हल्की बर्फबारी होती रही। मंदिर परिसर समेत केदारपुरी में दो फीट तक नई बर्फ जम चुकी है। यहां अधिकतम तापमान माइनस 7 दर्ज किया गया। द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ समेत चोपता, दुगलबिट्टा व जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है।
केदारनाथ में बृहस्पतिवार तड़के पांच बजे से हल्की बर्फबारी शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ यहां दिनभर बर्फबारी होती रही, जिस कारण पुनर्निर्माण कार्य फिर ठप हो गए हैं। केदारपुरी समेत चारों तरफ पहाड़ियों पर लगातार हो रही बर्फबारी के कारण धुंध छाई हुई है। शीतलहर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खराब मौसम के कारण धाम में पूरे दिन तापमान मानइस में रहा। यहां अधिकतम तापमान माइनस सात रहा। बीते बुधवार शाम चार बजे से देर रात तक बर्फबारी हुई। इधर, द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ, चोपता, दुगलबिट्टा, कालशिला समेत चौमासी, तोषी, गौंड़ार समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। दूसरी तरफ जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग समेत निचले इलाकों में सुबह के समय बारिश हुई। इसके बाद दिनभर कई बार हल्की बूंदाबांदी हुई, जिस कारण ठंड बढ़ गई। बाजारों में ही चहलकदमी कम रही।