बसुकेदार उप तहसील के ग्राम पंचायत अरखुंड गांव में दो गोशालाओं में लगी आग से हजारों रुपये की घास जल गई। इस दौरान गोशालाओं में बंधे चार मवेशियों को किसी तरह सुरक्षित अन्य जगह शिफ्ट कर दिया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग की।
बुधवार दोपहर 12 बजे धीरेंद्र सिंह नेगी व सुषमा देवी की गोशाला में अचानक आग लग गई। इस दौरान वहां दो गाय व उसका बछड़ा और एक दुधारू भैंस बंधी थी। अचानक गोशाला से उठता धुआं देख पशुपालक सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता से गोशालाआें में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य गोशाला में शिफ्ट किया गया। इसके बाद आग की लपटों से गोशाला में रखी घास व अन्य सामग्री के साथ ही आसपास के पेड़ों पर बंधी घास व चारापत्ती भी जलकर नष्ट हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान धर्मेंद्र सिंह नेगी व लक्ष्मण सिंह चौहान ने बताया कि आग कैसे गोशालाओं तक पहुंची, इसका पता नहीं चल पाया है। उन्होंने तहसील प्रशासन से घटना का स्थलीय निरीक्षण कर जांच की मांग की। संवाद