आगामी केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनुज गोयल ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर यात्री सुविधाओं को लेकर बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आगामी मार्च में यात्रा से जुड़े सड़क व पैदल मार्गों को दुरुस्त करने के साथ ही प्रतिदिन के कार्य की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने केदारनाथ में बिजली, पानी, संचार, स्वास्थ्य, सफाई आदि व्यवस्थाओं को समयबद्ध दुरुस्त करने को कहा। साथ ही पशुपालन विभाग को यात्रा से पूर्व घोड़ा-खच्चरों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और बीमा के निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ यात्रा से जुड़े संपर्क मार्गों की कार्यदायी संस्थाओं को स्थलीय निरीक्षण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, एसडीएम अपर्णा ढौड़ियाल, जितेंद्र वर्मा, परमानंद राम, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कोर, पुलिस उपाधीक्षक विजेंद्र दत्त डोभाल, सीओ हर्षवर्धनी सुमन, तहसीलदार मंजू राजपूत, दीवान सिंह राणा, ईई प्रवीण कर्णवाल, संजय सिंह, डीएचओ सुशील नौटियाल, डीएसओ मनोज डोभाल आदि मौजूद थे।