जखोली ब्लॉक के भरदार क्षेत्र की आराध्य मां ऊफराई देवी मंदिर में होने वाले 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ग्रामीणों ने बैठक की। इस मौके पर दो अप्रैल से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र से अनुष्ठान का निर्णय लिया गया, जिसमें आठ गांवों के लोगों की भागीदारी रहेगी।
पांडव चौक जवाड़ी में हुई ग्रामीणों की बैठक में आयोजन समिति का गठन करते हुए प्रकाश कप्रवाण को अध्यक्ष चुना गया, जबकि विक्रम सिंह पंवार उपाध्यक्ष बनाए गए। इस अनुष्ठान में जवाडी, रौठिया, स्वीली, सेम, डुंग्री, तरवाडी़, कोटली समेत आठ गांवों के ग्रामीण शामिल होंगे। 12 वर्ष बाद इस बार होने वाले अनुष्ठान की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंदिर के जीर्णोद्धार सहित अन्य कई निर्णय लिए गए। इस मौके पर ग्राम प्रधान पार्वती देवी, देवराज सिंधवाल, देव सिंह रावत, नागेंद्र कप्रवाण, मंगल सिंह पंवार, शिशपाल बिष्ट, गौतम सिंह, पूर्ण सिंह, जगदंबा प्रसाद, रवींद्र पंवार आदि मौजूद थे।