ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में दिनभर में कई बार बाधित होता रहा। उधर, मयाली-चिरबटिया-घनसाली मोटर मार्ग चार दिन से बंद पड़ा है। लोनिवि की ओर से सड़क पर पड़े भारी बोल्डर व मलबे की सफाई की जा रही है। जिले में नौ संपर्क मार्ग भी बंद पड़े हैं।
शनिवार को तड़के से ही ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ में भारी भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया। एनएच व कार्यदायी संस्था की ओर से सुबह 6:30 बजे मलबे की सफाई कर हाईवे पर यातायात बहाल किया गया, लेकिन दोपहर बाद 1:30 बजे बारिश के चलते पहाड़ी से पुन: मलबा आ गया। इससे एक घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। दोपहर करीब 2.45 बजे हाईवे पर यातायात बहाल किया गया।
हाईवे बाधित होने पर यातायात को खांकरा-दैजीमांडा-छांतीखाल-डुंगरीपंथ मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है। उधर, जनपद टिहरी को जोड़ने वाला मयाली-चिरबटिया-घनसाली मोटर मार्ग बुरांशकांठा में चौथे दिन भी बंद रहा। यहां पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों से पुल का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो रखा है। लोनिवि के सहायक अभियंता अजय थपलियाल ने बताया कि बारिश के कारण पहाड़ी से निरंतर भूस्खलन हो रहा है। बारिश से सारी-बिजराकोट, बांसबाड़ा-किरोली, रैंतोली-जसोली, ममणी-जखोली सहित नौ संपर्क मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हैं। लोनिवि के ईई जीत सिंह रावत व पीएमजीएसवाई के ईई केएस सजवाल ने बताया कि मलबा व बरसाती नालों के उफान के चलते मार्ग अवरुद्ध हैं।