रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस पर 3 मार्च को जिले में पांच वर्ष तक के 23,188 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए 298 बूथ बनाए हैं, जिसमें 1192 वैक्सीनेटर और 119 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने विभाग को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन सभागार में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डीएम सौरभ गहरवार ने पल्स पोलियो अभियान में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। सीएमओ डाॅ. हरीश चंद्र सिंह मार्तोलिया ने पोलियो दिवस को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया है। साथ ही प्रशासन से भी 21 वाहन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बैठक में सीडीओ जीएस खाती, डीईओ बेसिक यशवीर सिंह रावत, एसीएमओ डाॅ. विमल सिंह गुसाईं, जिला प्रतिरक्षक अधिकारी डाॅ. आशुतोष आदि मौजूद थे। संवाद