बाबा केदार के दर्शनों को आए एक यात्री की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कपाट खुलने के बाद से बीते सात दिनों में 10 यात्रियों की मौत हो चुकी है।
बृहस्पतिवार को केदारनाथ धाम जा रहे यात्री कालका प्रसाद गुप्ता (70), निवासी हमीरपुर बुंदेलखंड, उत्तर प्रदेश की लिनचोली के समीप तबियत खराब हो गई। साथ के लोगों की सूचना पर भीमबली से डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और यात्री को जंगलचट्टी पहुंचाया। यहां से यात्री को अन्य टीम द्वारा गौरीकुंड अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि कपाट खुलने के बाद से केदारनाथ यात्रा पर 10 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिसमें 9 की मौत का कारण दिल का दौरा बताया गया है।