नगर पालिका रुद्रप्रयाग ने इस वर्ष में अभी तक कूड़ा-कचरा से 87 हजार रुपये की आमदानी की है, जिसका उपयोग नगर की स्वच्छता व सौंदर्यीकरण में होगा। साथ ही उन परिवारों को भी पुरस्कृत किया जाएगा, जो अधिक अजैविक कूड़ा एकत्रित करेंगे।
सात वार्डों में बंटी 20 हजार आबादी वाली नपा द्वारा कूड़ा प्रबंधन को दिनोंदिन बेहतर किया जा रहा है। एक तरफ जहां घर-घर में कूड़े को पांच श्रेणियों में एकत्रित करने के लिए नगरवासियों को प्रेरित किया जा रहा है। वहीं, जनवरी से अक्तूबर तक पालिका द्वारा अजैविक कूड़े से 87 हजार की आमदानी की जा चुकी है। जबकि जैविक कूड़ा से खाद बनाने की योजना बनाई जा रही है। इस खाद को काश्तकारों को न्यूनतम दरों पर बेचा जाएगा। अधिशासी अधिकारी सीमा रावत ने बताया कि नगर क्षेत्र के सभी सात वार्डों से प्रतिदिन मोहल्ला स्वच्छता समिति के सदस्यों द्वारा जैविक व अजैविक कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है। ब्यूरो