पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि में जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह ने खत्म कराई छात्र-छात्राओं की भूख हड़ताल।
- फोटो : RUDRAPRYAG
पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि में बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा केमेस्ट्री में न्यूनतम अंक देने के विरोध में जारी भूख हड़ताल को जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह ने समाप्त कराया। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत को समस्या से अवगत कराया। साथ ही हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
शुक्रवार को छात्रसंघ विवि प्रतिनिधि लवकुश भट्ट के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पांच सूत्री मांगों को लेकर कॉलेज परिसर में भूख हड़ताल शुरू की। कहना था कि लॉकडाउन में पाठ्यक्रम पूरा न होने के बाद भी विवि श्रीनगर गढ़वाल द्वारा स्नातक व परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षार्थियों ने अधूरे पाठ्यक्रम से ही परीक्षाएं दी, लेकिन बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को रसायन विज्ञान विषय में 20 से कम अंक दिए गए हैं, जिससे अधिकांश छात्र-छात्राएं फेल हो गए हैं। ऐसे में वे एमएससी में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। उत्तर पुस्तिका का पुन: मूल्यांकन करने व उत्तर पुस्तिका की प्रति दिखाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विवि प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन लगभग एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। छात्र-छात्राओं की आंदोलन की सूचना पर कॉलेज पहुंचकर जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह ने उनसे बातचीत की। साथ ही मौके पर उच्च शिक्षामंत्री डा. धन सिंह रावत से फोन पर वार्ता कर छात्र-छात्राओं की समस्या से अवगत कराया। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत ने उन्हें मामले में त्वरित उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिपं अध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं को पानी पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई। इस अवसर उपाध्यक्ष साक्षी नौटियाल, नगरध्यक्ष विपिन मेहरा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष परमजीत, अखिलेश पंवार, प्रकाश मरोड़ा, विवेक राणा समेत अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे।