संवाद न्यूज एजेंसीरुद्रप्रयाग। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मौजूद एनएच के अधिकारियों भारी बारिश से हाईवे पर आए मलबे को जल्द हटाने के निर्देश दिए।
तीन दिवसीय भ्रमण पर यहां पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए सोनप्रयाग गौरीकुंड अवरुद्ध राजमार्ग को यथाशीघ्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंड-गुप्तकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग किसी एनजीओ की ओर से उच्च न्यायालय एवं एनजीटी में कार्य को रुकवाने हेतु वाद दायर किया गया था।
इससे उच्च न्यायालय की ओर से लगाई गई रोक को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को कुंड-गुप्तकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुके हुए अवशेष चौड़ीकरण कार्य को 10 अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। यदि संबंधित ठेकेदार कार्य प्रारंभ नहीं करतो तो उन्हें ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ल्वारा में आयोजित बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा गुप्तकाशी-ल्वारा-सिंगोली कुंड बायपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुन: कार्य करने का अनुरोध किया गया।
उन्होंने कहा कि चारधाम की यात्रा प्रदेश की महत्वपूर्ण यात्रा है, जो प्रदेश की आर्थिकी की रीड है। उन्होंने कहा कि अगस्त्यमुनि बाईपास का निर्माण कार्य अक्तूबर से शुरू कर दिया जाएगा। सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण-गरूड़चट्टी वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, ब्लाक प्रमुख ऊखीमठ श्वेता पांडेय, कनिष्ठ प्रमुख शैलेंद्र कोटवाल, जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती आदि मौजूद रहे।