देश के पहले सीडीएस रहे बिपिन रावत की स्मृति में 15 जनवरी को गुप्तकाशी से कर्णप्रयाग व वापस घोलतीर तक 100 किमी लंबी मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। मैराथन 12 घंटे में पूरी की जाएगी। मैराथन में अगस्त्यमुनि विकासखंड के चमस्वाड़ा गांव निवासी व लंबी दूरी के धावक विचित्र सिंह प्रतिभाग करेंगे। वह पिछले तीन वर्षों में देश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय मैराथन में 19 स्वर्ण सहित कुल 21 पदक जीत चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
15 फरवरी को सुबह 4 बजे गुप्तकाशी से मैराथन होगी, जो कुंड, भीरी, चंद्रापुरी, अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचेगी। यहां से रतूड़ा, घोलतीर-नगरासू से गौचर होते हुए कर्णप्रयाग तक होगी। वहां से वापसी करते हुए घोलतीर में मैराथन का समापन होगा। विचित्र सिंह ने बताया कि देश के पहले सीडीएस रहे जनरल स्व. बिपिन रावत की स्मृति में यह मैराथन आयोजित की गई है।