हेलिकॉप्टर से लिनचोली पहुंचाए गए दो स्निफर डॉग
अतिवृष्टि के दौरान जान बचाकर कई लोग भाग गए थे जंगल की ओर
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच अब सेना ने भी सर्च अभियान शुरू कर दिया है। सेना की टीम दो स्निफर डॉग से अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र में बोल्डर, मलबा व जंगल में खोजबीन कर रही है। प्रशासनिक स्तर पर संभावना जताई जा रही है कि अतिवृष्टि के दौरान जान बचाने के लिए कई लोग जंगल की तरफ भागे थे, जिसमें कुछ रास्ता भटक गए हैं।
रविवार को सेना का एक दल दो स्निफर डॉग हेलिकॉप्टर से लिनचोली पहुंचाए गए। डॉग यूनिट ने लिनचोली से लेकर छानी कैंप के बीच के हिस्से में सघन सर्च अभियान चलाया। सेना द्वारा यह अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा। संभावना जताई जा रही है कि अतिवृष्टि के दौरान पैदल मार्ग पर मौजूद यात्री व स्थानीय लोगों में कई अपनी जान बचाने के लिए जंगल की तरफ भागे, जिनमें से कई के रास्ता भटकने की संभावना भी है।
बता दें कि बीते तीन दिनों से केदारनाथ-खाम बुग्याल-चौमासी के रास्ते से कई यात्री पहुंचे हैं। साथ ही ड्रोन से ली गई तस्वीरों में कुछ लोगों के त्रियुगीनारायण के जंगलों में होने की बात भी सामने आई है। इसे देखते हुए सेना द्वारा डॉग यूनिट की मदद ली जा रही है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सेना के सहयोग से सभी संभावनाओं को निस्तारित करने में मदद मिलेगी।