विधानसभा चुनाव में जिले में 63 फीसदी (पोस्टल बैलेट सहित) मतदान हुआ, जिसमें केदारनाथ विस के मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही है। बूथवाइज मतदान प्रतिशत में भी यहां के वोटर ने रुद्रप्रयाग विधानसभा को पछाड़ा है। केदारनाथ विस में जहां जाल तल्ला में सर्वाधिक 93.12 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं, 7 केंद्रों पर 80 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े हैं।
149 मतदान केंद्र वाली केदारनाथ विधानसभा में सिर्फ दो बूथ ही ऐसे रहे, जहां 50 फीसदी से कम वोट पड़े हैं। इन बूथों में तोषी में सबसे कम 15.13 और चामक में 48.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा यहां 7 बूथों पर 80 से 87.57 फीसदी मत पड़े हैं, जिसमें सभी दूरस्थ गांव के वोटर शामिल हैं।
केदारघाटी में मतदान के प्रति जागरूकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 16 पोलिंग बूथों पर 75 से 80 और 17 केंद्रों पर 70 से 74 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। आपदा प्रभावित इस क्षेत्र में 60 मतदान केंद्रों पर 64 से 69 और 44 केंद्रों पर 50 से 59 फीसदी वोटिंग हुई।
जबकि रुद्रप्रयाग विधानसभा में सिर्फ तोरियाल मतदान केंद्र ही ऐसा है, जहां सबसे अधिक 79.28 प्रतिशत मत पड़े। पुलन, अरखुंड, शिवानंदी, उछोला पोलिंग बूथ में 70 फीसदी से अधिक वोट पड़े। जबकि विधानसभा के 67 पोलिंग बूथ पर 60 से 70 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ है।
मतदान में जिले के टॉप 10 पोलिंग बूथ
पोलिंग बूथ मत प्रतिशत
जाल तल्ला 93.12
चौमासी 87.57
पैंज 83.42
चिलौंड 83.26
बडासू 83.00
जाल मल्ला 81.27
उषाड़ा 80.41
त्यूड़ी 80.40
तोरियाल 79.28 (रुद्रप्रयाग)
कालीमठ 79.12