केदारनाथ यात्रा में 52 दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या आठ लाख के पार हो गई है। केदारनाथ यात्रा के इतिहास में यह नया रिकार्ड है, जब कपाट खुलने के बाद डेढ़ माह में ही दर्शनार्थियों की संख्या इतनी पहुंची है।
6 मई को कपाटोद्घाटन पर धाम में 23512 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। यात्रा के छठवें दिन केदारनाथ में भक्तों का आंकड़ा एक लाख पार हो गया था, जबकि 11वें दिन दो लाख, 18वें दिन तीन लाख तक यात्री पहुंच गए थे। मई माह के 26 दिनों में केदारनाथ में 4,35,203 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जून दूसरे सप्ताह तक दर्शनार्थियों का आंकड़ा 15 हजार प्रतिदिन बना रहा। हालांकि 13 जून के बाद भक्तों की संख्या में कमी आई है। इस माह 26 दिनों में अभी तक 3,67,601 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच चुके हैैं। श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश चंद्र गौड़ ने बताया बरसाती मौसम के कारण यात्रियों की संख्या में कमी होने लगी है।
तीन हेली कंपनियाें के हेलीकॉप्टर ही भर रहे हैं उड़ान
केदारनाथ यात्रा में अब सिर्फ तीन हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर उड़ रहे हैं। बीते शनिवार को केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर ने सिर्फ 98 शटल की। इस दौरान 534 यात्री धाम पहुंचे और 524 दर्शन कर लौटे। केदारनाथ यात्रा हेलीकॉप्टर सेवा नोडल अधिकारी/जिला पर्यटन एवं साहसिक खेल अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि पांच हेली कंपनियों के छह हेलीकॉप्टर लौट गए हैं।